सहारनपुर। बिहारीगढ़ में प्रॉपर्टी विवाद के चलते गांव गणेशपुर में शिवालिक फार्म हाउस पर दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ गोलियां चली। इसमें नागल क्षेत्र के गांव साधारणसिर निवासी शिवम सिंह (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि गाजियाबाद निवासी योगेंद्र, बुलंदशहर के रहने वाले धर्मेंश घायल हुए। एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी देहात सागर जैन ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। गुरुग्राम निवासी पंकज शर्मा ने वर्ष 2019 में बिहारीगढ़ क्षेत्र में करीब 87 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। इसमें पार्टनर गाजियाबाद के योगेंद्र व बुलंदशहर निवासी धर्मेंश हैं। इनके अलावा दूसरे पक्ष से देहरादून निवासी सुनील वर्मा, शक्ति सिंह, सुंदरपुर निवासी अजय सिंह भी पार्टनर हैं। शक्ति सिंह करणी सेना का उत्तराखंड का पदाधिकारी बताया जा रहा है। जानकारी मिली है कि पार्टनशिप में पंकज शर्मा ने 38 लाख रुपये दिए थे। वर्ष 2024 में पंकज शर्मा ने शिवालिक क्षेत्र में कुछ जमीन खरीदी थी। आरोप है कि उसमें भी दूसरा पक्ष अपनी पार्टशिप बता रहा था। रविवार को दोनों पक्ष गणेशपुर गांव स्थित शिवालिक फार्म हाउस पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि सुनील वर्मा पक्ष ने तीन कार में 15 से 20 लोग बुला लिए। इसी दौरान सुनील वर्मा ने पिस्टल पंकज शर्मा की कनपटी तान दी। बीच बचाव में नागल क्षेत्र के गांव साधारणसिर निवासी शिवम सिंह आया। इस दौरान शिवम सिंह, योगेंद्र व धर्मेंश को गोली मार दी। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां शिवम सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना का पता लगते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी देहात सागर जैन ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।