उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक की लिखित परीक्षा बुधवार को श्री गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा केंद्र पर विभिन्न जनपदों से आए परीक्षार्थियों में उत्साह देखने को मिला। प्रतापगढ़ से परीक्षा देने पहुंचे प्रशान्त कुमार ने बताया कि उनकी सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा थी, जो काफी अच्छी रही। वहीं बाराबंकी से आए साहिल खान ने कहा कि प्रश्नपत्र न तो बहुत सरल था और न ही अत्यधिक कठिन, लेकिन कुल मिलाकर पेपर अच्छा गया। लखनऊ से परीक्षा देने आईं प्रियंका ने अपने जज्बे का परिचय देते हुए बताया कि पैर में चोट होने के बावजूद उन्होंने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों के साथ आए परिजन भीषण गर्मी से जूझते नजर आए। तेज धूप के कारण उन्हें इधर-उधर छांव की तलाश करनी पड़ी। कई लोग दुकानों के सामने बने शेड के नीचे बैठकर इंतजार करते दिखे।