शास्त्रीनगर खीरो में मंगलवार की दोपहर बाइक सवार युवक को पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे युवक बाइक सहित सड़क पर गिर गया और मौत हो गई। युवक के साथ मौजूद उसके छोटे भाई व गांव के एक अन्य युवक ने अपनी बाइक से युवक को सीएचसी खीरो पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भाग रहे डंपर व उसके चालक को खीरों चौराहे पर पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मृतक हेलमेट नहीं पहने हुए था। रनापुर पहरौली निवासी दीपांशु सिंह (26) पुत्र जगत बहादुर सिंह मंगलवार की दोपहर अपने गांव के मित्र शिवाकांत मिश्रा के साथ बाइक से खीरों आया था। जैसे ही वह शास्त्रीनगर (खीरो) के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंफर के चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दीपांशु सिंह सड़क पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा देवेंद्र बहादुर सिंह की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से मृतक की मां बबली सिंह, पिता जगत बहादुर सिंह, बड़े भाई शिवम सिंह, छोटे भाई हिमांशु सिंह, मोनू सिंह, समरजीत सिंह, मयंक सिंह, बहन नीतू सिंह, रेशम सिंह और रोशनी सिंह सहित सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक सन्तोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों से मिली सूचना के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंफर व उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।