रायबरेली के हरचंदपुर कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रायबरेली से लखनऊ जा रही एक अनियंत्रित रोडवेज बस सड़क किनारे दुकानों में जा घुसी। इस भीषण हादसे में कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर राजीव गौतम और फार्मेसी भास्कर की देखरेख में उनका उपचार किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ। उनके अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया था, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी हरचंदपुर भेजा गया। उन्होंने यह भी कहा कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा मामले की जांच की जा रही है। हादसे में दिव्यांशी मौर्य (20), किरन सिंह (22), हंसकुमार (65), कंडक्टर प्रेमशंकर (40), स्वाति शर्मा (25), सलोनी (19), खुशी अग्रहरि (22) और जेया त्रिपाठी (29) घायल हो गए हैं। ये सभी रायबरेली के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे की निगरानी में रखा गया है।