रायबरेली में लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सुहाई बाग मोहल्ला में रविवार को भवन में काम कर रहे श्रमिक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। कुम्भडौरा गांव निवासी विजय कुमार (50) पुत्र राम अवतार सुहाई बाग मोहल्ला में निर्माणाधीन भवन की छत पर काम कर रहा था। तभी कंक्रीट से भरा हुआ तसला छत के ऊपर से जा रहे 11 केवी लाइन से छू गया। देखते ही देखते श्रमिक जल उठा और झटके के साथ बगल के खेत में नीचे जा गिरा। साथी श्रमिकों ने फौरन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। हादसे के बाद पत्नी ज्ञानवती बड़े बेटे रोहित व मोहित सहित परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है।