रायबरेली में आनंद नगर मोहल्ले की अनन्या त्रिवेदी ने यूपी लोक सेवा आयोग पीसीएस 2024 में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपने परिवार और शहर का नाम रोशन किया है। यह उनकी पहली ही कोशिश में मिली शानदार उपलब्धि है। अनन्या के पिता सुशील कुमार एक जनरल स्टोर चलाते हैं। उनकी मां रेखारानी एक शिक्षिका हैं। बेटी की इस सफलता से पिता की खुशी का ठिकाना नहीं है। सोमवार को उन्होंने घर पर ढोल बजाकर जश्न मनाया। अनन्या ने अपनी सफलता का श्रेय योजनाबद्ध तैयारी और रोजाना छह घंटे की पढ़ाई को दिया। उन्होंने अपने मामा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय को मुख्य मार्गदर्शक बताया। राजेश कुमार पांडेय कानपुर देहात में कार्यरत हैं।