रायबरेली में बकरीद को लेकर शनिवार को शहर कोतवाली में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों व पीस कमेटी के सदस्यों के साथ अधिकारियों ने बैठक की। डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने सभी से आपसी सौहार्द, भाईचारा व शांति बनाए रखते हुए चर्व मनाने की अपील की। डीएम ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में एसपी रवि कुमार ने कहा कि विगत वर्षों की भांति ही आगामी पर्व पर भी प्रशासन व पुलिस का सहयोग रहेगा। किसी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस व जिला प्रशासन के साथ उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि नमाज के लिए मस्जिदों व ईदगाहों के आस-पास समुचित सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। ड्रोन कैमरों की सहायता से निगरानी की जाएगी। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, सीओ नगर अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।