पीलीभीत के बिलसंडा क्षेत्र में गांव बबूरा-बमरोली के बीच तीन बदमाशों ने बाइक सवार को तमंचे के बल रखकर उसकी बाइक और मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला है। गांव बमरोली निवासी मोहम्मद सागिर ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर बिलसंडा से सामान लेकर वापस घर आ रहे थे। जब गांव बबूरा व बमरोली के बीच पहुंचे तो इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। बाइक रोकते ही युवकों ने उन पर तमंचा तान दिया और धमकी देकर बाइक से नीचे उतार दिया। बाद में वह उनकी बाइक और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर उनकी पिटाई भी की थी। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। लूट की सूचना मिलते ही क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई। मौके पर सीओ विशाल चौधरी, एसओ करेली जगदीप सिंह मालिक और इंस्पेक्टर अजय कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और पीड़ित से जानकारी की।