पीलीभीत के बरखेड़ा थाने के गांव गाजीपुर कुंडा निवासी ठाकुरदास के घर में लगी आग से राशन, कपड़े आदि हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग ने अन्य घरों को चपेट में नहीं लिया। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात ग्रामीण ने जानवरों को मच्छरों के काटने से बचाने के लिए धुंआ सुलगाया था। इसी से निकली चिंगारी से घर में आग लग गई। सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी काफी देर से पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। बाद में फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।