पीलीभीत के पूरनपुर में कनेक्शन काटे जाने के विवाद में मंगलवार को अधिवक्ता और बिजली कर्मी आमने सामने आ गए। एसडीओ कार्यालय पहुंचे अधिवक्ताओं से विवाद के बाद बिजली कर्मियों ने नगर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। बताया जा रहा है कि सोमवार को बिजली कर्मियों ने किसी अधिवक्ता का बिजली कनेक्शन काट दिया था। इसी को लेकर कई अधिवक्ता मंगलवार को एसडीओ से मिलने बिजली उपकेंद्र पहुंचे। एसडीओ के मौजूद न होने पर अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि इस दौरान वकीलों ने कैशियर की पिटाई भी कर दी। इससे गुस्साए बिजली कर्मियों ने नगर की बिजली आपूर्ति रोक दी। घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। एसडीएम और सीओ दोनों पक्षों से बात कर रहे थे। कोतवाली पहुंचे कैशियर ने अधिवक्ताओं की ओर से पिटाई का आरोप लगाकर तहरीर दी है।