पीलीभीत में दो फरवरी से लापता गजरौला थाने के गांव रामनगरिया निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार को गांव के बाहर तालाब में उतराता मिला। इसका पता चला तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन भी पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम को भेजा। थाना गजरौला कला क्षेत्र के गांव रामनगरिया में ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार की सुबह गांव के पास ब्रह्मस्थल तालाब में एक युवक का शव उतराता देखा। शव मिलने की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक की शिनाख्त गांव के छत्रपाल (35) पुत्र कुंदनलाल के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि छत्रपाल दो फरवरी से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर परिजनों ने थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।