पीलीभीत जिले से शाहजहांपुर रूट पर शाम के समय बस और ट्रेन न होने से होमगार्ड भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों को प्लेटफार्म पर रात गुजारनी पड़ी। कई अभ्यर्थियों ने होटल और गेस्ट हाउस का सहारा लिया। कुछ अभ्यर्थी रात 11 बजे ठहरने की जगह तलाश करते दिखे। पीलीभीत डिपो के जिम्मेदारों ने बदायूं के लिए तो बसें संचालित की, लेकिन शाहजहांपुर मार्ग पर ध्यान नहीं दिया।
शहर के छह परीक्षा केंद्रों पर शनिवार, रविवार और सोमवार को होमगार्ड लिखित भर्ती परीक्षा कराई जाएगी। तीन दिन में अलग-अलग जिलों के 12960 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। शनिवार को होने वाली परीक्षा के लिए शाहजहांपुर और बदायूं जिले के अभ्यर्थी शुक्रवार रात ही पीलीभीत पहुंच गए थे। इसका कारण शाहजहांपुर रूट पर शाम छह बजे के बाद कोई बस और ट्रेन का न होना है।
शाहजहांपुर से शाम 5: 40 बजे के करीब ट्रेन पीलीभीत आती है। पीलीभीत से भी छह बजे के बाद कोई ट्रेन नहीं है। परिवहन निगम की बसों की स्थिति और ज्यादा खराब है। इस रूट पर दिन में सिर्फ दो बसें हैं। बस और ट्रेन की सुविधा न होने से शाहजहांपुर के अभ्यर्थियों को शाम की ट्रेन से ही पीलीभीत आना पड़ा। ठहरने की व्यवस्था, सही जानकारी न होने से अधिकांश अभ्यर्थियों को प्लेटफार्म पर ही रात गुजारनी पड़ी।
खुले में सोए, कुछ ने जागकर काटी रात
शुक्रवार रात 12 बजे रेलवे स्टेशन परिसर में करीब 200 अभ्यर्थी थे। कोई परिसर में फर्श पर पन्नी बिछाकर लेटा था तो किसी ने बेंच पर ही बैठकर रात काटी। कुछ अभ्यर्थी बिना पंखे की हवा मच्छरों से परेशान दिखे। आरपी के जवान भी अभ्यर्थियों को खुद के सामान की सुरक्षा करते रहने की सलाह देते दिखे।