उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती की लिखित परीक्षा में इस बार कानून से जुड़े कई सवाल पूछे गए। मुजफ्फरनगर में परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते ही अभ्यर्थियों के बीच कानूनी धाराओं से संबंधित प्रश्नों को लेकर चर्चा होती रही। परीक्षार्थियों के अनुसार प्रश्नपत्र में कानून विषय से जुड़े प्रश्न अपेक्षाकृत अधिक थे, जिनमें विभिन्न धाराओं और उनके प्रावधानों के बारे में पूछा गया था। परीक्षा में कुल 160 प्रश्न शामिल थे। अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार नेगेटिव मार्किंग नहीं होने से उन्हें काफी राहत मिली और सभी प्रश्नों का प्रयास करने का मौका मिला। परीक्षा के बाद उम्मीदवारों ने पेपर के स्तर को संतुलित बताया।