दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर टीएमयू के सामने रविवार की दोपहर सड़क पार करते समय जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा भावना (20) को स्कार्पियो ने कुचल दिया। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस स्कार्पियो चालक की तलाश कर रही है। रामपुर जिले के पीपली नायक टांडा की रहने वाली भावना (20) टीएमयू में जीएनएम की तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह पाकबड़ा में किराये का कमरा लेकर अपनी सहपाठी ऋचा के साथ रहती थी। रविवार की दोपहर ढाई बजे छात्रा कमरे से टीएमयू के लिए निकली। वह ऑटो से टीएमयू के सामने उतरी और हाईवे पार करने लगी। इसी बीच दिल्ली की ओर जा रही बाइक से टकराने के बाद वह स्कार्पियो की चपेट में आ गई।