मेरठ के एक दारोगा का कारनामा आप सुनेंगे, तो दंग रह जाएंगे। दारोगा पर गारमेंटे्स की दुकान से कपड़े के चार थैले चोरी कर लिये। ये हम नहीं कह रहे बल्कि ऐसे आरोप लगे हैं। मेरठ में भगत सिंह मार्केट पर सिंघल गारमेंट्स के नाम से कपड़ों की दुकान करने वाले सिताराम ने ये आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी है, जिसमें एक टीएसआई दुकान में आता है और काफी देर खड़े होने के बाद काउंटर पर रखे चार थैले अपने साथ ले जाता है। वायरल सीसीटीवी फुटेज चर्चा का विषय बनी हुई है। इस मामले में मेरठ एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने कार्यवाही करते हुए टीएसआई सुमित वशिष्ठ को लाइन हाजि़र करते हुए उसके खिलाफ जांच बैठा दी है। उधर इस मामले में एसपी ट्रैफिक राघवेन्द्र कुमार मिश्रा का कहना है कि टीएसआई सुमित से पूछताछ में उसने बताया कि सिंघल गारमेंट्स की दुकान के बाहर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए दुकान में गये थे। जहां काफी देर खड़े होने के बाद जब दुकान मालिक सिताराम ने उनकी ओर ध्यान नहीं दिया, तो दुकानदार का ध्यान आकर्षित करने के लिए काउंटर से थैले उठा लाये। फिलहाल एसएसपी मेरठ ने इस मामले की जांच एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह को सौंपी है।