मेरठ में मुख्य कैंट डाकघर के बाहर नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। लोग यहां अपना वाहन खड़ा कर डाकघर के अंदर अपने काम में व्यस्त हो जाते हैं, जिससे सरकारी कामकाज बाधित हो रहा है। गार्ड सतेंद्र तोमर ने बताया कि जब वह लोगों को रोकते हैं तो वे बहाना बनाते हैं कि ‘बस एक मिनट का काम है’। उन्होंने कहा कि “कई बार ऐसा हुआ है कि गाड़ी आधे घंटे से खड़ी रहती है और चालक कहीं नजर नहीं आता। गुरुवार को भी एक गाड़ी लगभग 45 मिनट तक डाकघर के बाहर खड़ी रही। गार्ड ने हर जगह तलाशने के बाद चालक को ढूंढा। लौटने पर चालक को चेतावनी दी गई और आगे से चालान की कार्रवाई की बात कही गई। सीनियर पोस्ट मास्टर आरसी राणा ने बताया कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन न खड़े हों, इसके लिए गार्ड को लगाया गया है। कई बार लोगों को चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन अब से इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।