मेरठ। आरजी पीजी कॉलेज में तीन दिवसीय प्रवेश और प्रवीण रेंजर्स शिविर का शनिवार को समापन हुआ। प्राचार्य प्रो. निवेदिता कुमारी के संरक्षण में आयोजित शिविर में रेंजर्स ने टेंट निर्माण और गैजेट्स बनाए।जिला संस्था भारत स्काउट और गाइड भवन से प्रशिक्षक सोनू कुमार ने फ्लैग सेरेमनी, प्रार्थना और झंडा गीत से शिविर की शुरुआत की। प्रवेश शिविर में कुल छह टोलियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में प्रो. कुमकुम पारीक, प्रो. भावना मित्तल और प्रो. रजनी श्रीवास्तव शामिल थे। प्रथम पुरस्कार आनंदी बाई जोशी टीम (टोली छह) को मिला। द्वितीय पुरस्कार द गोल ग्रेट्स टीम (टोली तीन) और रानी लक्ष्मी बाई टीम (टोली चार) को संयुक्त रूप से दिया गया। तृतीय पुरस्कार कल्पना चावला टीम (टोली एक) को प्रदान किया गया। सांत्वना पुरस्कार मदर टेरेसा टीम (टोली दो) और द्रौपदी मुर्मू टीम (टोली पांच) को मिला। प्राचार्य प्रो. निवेदिता कुमारी ने सभी विजेताओं को बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर राज्य पुरस्कार विजेता और समागम विजेता रेंजर्स को भी प्रमाण पत्र दिए गए। रेंजर्स लीडर सुनीता सिंह ने सभी रेंजर्स को प्रेरित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शिविर के प्रमाण पत्र वितरित किए।