दौराला में कोर्णाक कॉलोनी निवासी लिलेंड गाड़ी के शोरूम मालिक नितिन से कार सवार चार बदमाशों ने एक लाख की नकदी और सोने की चेन व अंगूठी लूट लीं। बदमाशों ने तेजधार हथियार के बल पर बुधवार को दिनदहाड़े वारदात की और विरोध करने पर हमला किया। वारदात के बाद आरोपी भाग निकले। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सके। नितिन चौहान ने बताया कि वह मूलरूप से मटौर गांव के रहने वाले हैं। वह मेरठ में रुड़की रोड स्थित कोर्णाक कॉलोनी के मकान नंबर 94 में रह रहे हैं। उनका मुजफ्फरनगर के मुस्तफाबाद में शिवाशीष मोटर्स के नाम से शोरूम है। बुधवार दोपहर को वह अपनी कार में सवार होकर एक लाख रुपये लेकर मोदीपुरम आ रहे थे। सकौती रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचने के बाद पीछे से आई एक कार ने उनकी कार को ओवरटेक करके रोक लिया। कार सवार चार बदमाशों ने हथियार के बल पर दो सोने की चेन, दो अंगूठी और एक लाख की नकदी लूट ली। बदमाशों ने हाईवे पर दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिया और पीड़ित से मारपीट कर आसानी से भाग निकले। पीड़ित के शोर मचाने पर मौके पर लोग एकत्रित हुए। पीड़ित ने पुलिस को बदमाशों की कार का नंबर बताया। पुलिस कार के नंबर के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पीड़ित ने दौराला थाने पर तहरीर दी।