मेरठ। नवरात्रि पर नौ दिनों तक माता रानी का उपवास करने के बाद अष्टमी व नवमी के दिन कन्या पूजन किया जाता है। श्रद्धालु अष्टमी व नवमी पर छोटी-छोटी कन्याओं को भोजन कराते हैं। साथ ही उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। कंजक में कन्याओं को भोजन के साथ उपहार भी दिए जाते हैं। दुकानों से लोग गिफ्ट पैक, चूड़ियां, चुनरी, बिंदी, गुड़िया, कॉपी-पेन सेट आदि ज्यादा खरीदते हैं। छोटी कन्याओं के लिए चूड़ियां और बालों के क्लिप, बिंदी, स्कूल बैग, नोटबुक और खिलौने आदि खरीदी गई हैं। दुकानदारों की मानें तो इस बार पारंपरिक सामानों के साथ-साथ मॉडर्न गिफ्ट्स की बिक्री भी खूब हो रही है। स्टेशनरी, स्टोरी बुक, हेयरबैंड और ड्रेस सेट की मांग पिछले सालों की तुलना में अधिक है। कन्या पूजन के लिए लोग अलग-अलग बजट के हिसाब से गिफ्ट खरीदते हैं। 50 रुपये से लेकर 200 रुपये तक के गिफ्ट पैक सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। सदर स्थित जौली शॉपिंग सेंटर की नाजिया ने बताया कि छोटे बच्चों को प्लास्टिक के लंच बॉक्स ज्यादातर लोग गिफ्त के रूप में देते हैं। साथ ही आबूलेन स्थित एक दुकान के कर्मचारी विवेक ने बताया कि लोग नए-नए तरीके के गिफ्त देना पसंद करते हैं। साथ ही ब्रह्मपुरी स्थित पारस गिफ्त शॉप के संचालक पारस ने बताया कि लोग मंहगे उपहार खरीदने के बजाए छोटे व सस्ते गिफ्त ज्यादा खरीदते हैं।