मेरठ। दौराला में भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की मंगलवार का जयंती धूमधाम से मनाई गई। हवन पूजन व भंडारे आयोजित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि उनकी सादगी के लोग कायल थे। फटे कुर्ते में बैल चोरी होने की रिपोर्ट कराने थाने पहुंचने व तहरीर पर प्रधानमंत्री की मोहर लगाने का किस्सा आज भी लोगों की जुबान पर है। दौराला तिरंगा चौराहे पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, मनिंदर पाल सिंह, मनिंदर विहान आदि के नेतृत्व में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपने अपने विचार रखे। इस दौरान गन्ना समिति के चेयरमैन भूपेंद्र अहलावत, राहुल, नवीन शर्मा, जयदेव, शिवम, मुकेश, रवि, योगेंद्र, संजय, विनीत आदि मौजूद रहे। सपा विधायक अतुल प्रधान ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे हवन पूजन कराया और भंडारा आयोजित कराया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान की देखरेख में भंडारा आयोजित किया गया। लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य सत्यपाल सिंह वर्मा ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने बच्चों को उनके जीवन के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा कुसुम पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य आशीष व ऋषिकुल विद्यापीठ में चौधरी चरण सिंह की जयंती धूमधाम से मनाई गई।