मेरठ। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे हस्तिनापुर स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अतिथि गृह पहुंचे। उनके आगमन की सूचना पर पहले से ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता वहां मौजूद रहे। सांसद के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अतिथि गृह में सांसद चंद्रशेखर ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। सांसद हस्तिनापुर में रात्रि प्रवास करेंगे और शुक्रवार सुबह मेरठ के लिए रवाना होंगे। उनके ठहरने की व्यवस्था पीडब्ल्यूडी अतिथि गृह में की गई है। बैठक से पूर्व सांसद ने पार्टी कार्यकर्ता अरविंद कुमार से मुलाकात कर उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ी रहती है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद सांसद अपने कक्ष में पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बताया गया कि सांसद चंद्रशेखर का हस्तिनापुर में यह पहला दौरा है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। सांसद के आगमन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार नितेश सैनी मौजूद रहे। वहीं थानाध्यक्ष शशांक द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस बल अतिथि गृह परिसर और आसपास तैनात रहा, जिससे पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रही।