मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र अंतर्गत जैदी फार्म में बाइक सवार युवकों ने दो युवक असलम और शोएब को गोली मार दी। दोनों को लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर असलम की हालत नाजुक बनी हुई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि असलम और शोएब जैदी फार्म गली नंबर 1 के निवासी हैं। शाम करीब चार बजे दोनों अपने गली के बाहर खड़े थे, तभी तीन बाइक पर सवार होकर आए हमलावरों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। उनका टारगेट असलम था। असलम को भी गोली लगी है जबकि पास में खड़ा उसका साथी शोएब भी गोली लगने से घायल हो गया। फायरिंग कर हमलावर भाग गए।परिजनों ने दोनों को लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर असलम की हालत गंभीर बनी है। शोएब ने बताया कि कॉलोनी के ही आहद, आमिर आदि ने फायरिंग की है। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों पक्ष बदमाश है। दोनों में पुरानी रंजिश चल रही है इसी रंजिश के चलते हमला किया है हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम लगाई गई है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।