मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी सानिया की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार किशोरी की हत्या उसके मामा ने की थी। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। शनिवार सुबह नरहेड़ा गांव के जंगल में डॉ. राकेश शर्मा के खेत के पास एक किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में मृतका की पहचान हुमायूं नगर निवासी 17 वर्षीय सानिया के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मामा को किशोरी के आचरण को लेकर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस प्रारंभिक जांच में इस घटना को पारिवारिक सम्मान से जोड़कर भी देख रही है। जांच के अनुसार हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से जंगल में एक बाग में फेंक दिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शव को ठिकाने लगाने में कथित रूप से सहयोग करने वाले सौतेले भाई की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।