मवाना में थाना समाधान दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने शिया समुदाय के लोगों के साथ बैठक कर मोहर्रम पर्व की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी से पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए कि ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक न रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को इमामबारगाहों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समुदाय के लोगों से सहयोग बनाए रखने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।