मेरठ कमिश्नरी चौराहे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कथित अपमान के विरोध में जोरदार नारेबाजी की। सपा नेताओं का आरोप है कि सेंट्रल मार्केट में बांटे गए फूड पैकेट पर लगी अखिलेश यादव की तस्वीर को जानबूझकर फाड़ा गया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है। उनका कहना है कि यह कृत्य पूर्व मुख्यमंत्री का अपमान है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।