मेरठ। दौराला के लोईया गांव की महिलाओं ने मंगलवार को दौराला थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। सैकड़ों महिलाओं ने किसान यूनियन के एक संगठन के प्रस्तावित घेराव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रच रहे हैं। इसको लेकर महिलाओं ने ऐलान किया कि वे 13 मई को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगी। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर निर्दोष ग्रामीणों को फंसाने की कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी। उनका आरोप है कि कुछ लोगों के बहकावे और लालच में आकर संगठन दबाव की राजनीति कर रहा है। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गांव के किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय हुआ, तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। महिला समूहों ने दो-टूक कहा कि इस बार मुकाबला नारी शक्ति से है और वे पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई साजिश रची गई तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। महिलाओं के इस रुख से टकराव की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि उसी दिन संगठन भी एसएसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन की तैयारी में है। उधर, महिलाओं के इस उग्र रुख और बड़ी संख्या में भीड़ जुटने की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। खुफिया विभाग को सक्रिय कर दिया गया है और एसएसपी कार्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस दौरान आसिफा, नसरीन, आशमा, नादरा, शबा, रूमी, फहरीन, रूबी, साबिया, गुलिस्ता, हीरा, रूबा, आशना, सदिया, फैजिया, निशा, राहत, सोफिया, शारिक, मतीन, अतीक, जुबेर, हसीब, अजमान आदि मौजूद रहे।