सावन माह में कांवड़ यात्रा के चरम पर पहुंचते ही मेरठ-दिल्ली हाईवे समेत प्रमुख मार्ग धीरे-धीरे केसरिया रंग में रंगते नजर आ रहे हैं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों कांवड़ियों की टोलियां पूरे उत्साह और भक्ति के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही हैं। हाईवे पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया है। जगह-जगह सेवा शिविरों में कांवड़ियों के लिए भोजन, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था की गई है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।