मऊ में कलेक्ट्रेट पर सोमवार को आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में लोगों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि आज देश का युवा बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक और भविष्य की अनिश्चितता जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे समय में यदि कोई व्यक्ति युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों और भविष्य की रक्षा की मांग करता है, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी बात सुनी जानी चाहिए। शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और इसकी रक्षा करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार का अनावश्यक बल प्रयोग या अनुचित कार्रवाई हुई है तो उसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान आप के प्रांत सचिव अविनाश कुमार, प्रांत सचिव पुष्पेंद्र राणावत, गुलशन सिन्हा, मो. आदिल, अरमान खान, हैदर अली, रिजवाना खातून उपस्थित रहे।