मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी बाजार निवासी प्रियांशु गुप्ता (22) का शव रविवार की सुबह उनके ही घर में मिला। घुटने जमीन पर थे और गले में रस्सी का फंदा था जो पंखे में बंधा था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पिता मनोज गुप्ता ने बताया कि प्रियांशु तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। दुकान पर रहकर हलवाई का काम सीखते थे। उनके बड़े भाई विशाल और प्रिंस भी हलवाई का काम करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। 12 साल पहले प्रियांशु की मां का निधन हो गया था। बताया कि गर्मी के कारण प्रियांशु शनिवार की रात 11 बजे तक घर के बाहर सड़क पर टहल रहे थे। 11:30 बजे तक परिजनों ने उन्हें घर के अंदर आते देखा था। सुबह छह बजे तक वो नहीं उठे तो परिवार के लोग उठाने गए, देखा कि शव पंखे के सहारे लगे फंदे पर लटक रहा है। पिता और चाचा ने बताया कि प्रियांशु ने कभी किसी समस्या का जिक्र नहीं किया न ही किसी से उसका विवाद था। घर के नौजवान बेटे की अचानक मौत से दादी, तीन बहनों, पिता और भाइयों का रो रोकर बुरा हाल था। थाना प्रभारी निरीक्षक केके गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।