मऊ जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के असना नहर पुलिया के पास से रविवार की रात आशू यादव, दानिश उर्फ दाना, अंकित पाल, इंद्रजीत यादव और शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पिस्टल, तमंचा, चोरी करने के उपकरण और दो बाइक बरामद किया। पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम रविवार की रात 2:30 बजे असना नहर पुलिया के पास पहुंची। डकैती की योजना बनाते हुए कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव डढ़वापार निवासी आशू यादव, खाले का पूरा बोझी निवासी शुभम यादव, हलधरपुर थाना क्षेत्र के मेउड़ी निवासी दानिश उर्फ दाना, गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के कोहड़ा निवासी अंकित पाल, बांसगाव थाना क्षेत्र के ग्वाली बसंत भटवली निवासी इंद्रजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर सभी ने बताया कि गांव के किसी बड़े घर में डकैती की योजना बना रहे थ। इसीलिए ताला काटने से लेकर यदि घर वाले विरोध करते तो उन्हें डराते या हत्या तक कर देने के लिए हथियार साथ लाए थे। उनके पास से एक पिस्टल कारतूस, एक तमंचा कारतूस, बोरी में लोहे की कैंची नुमा कटर, बांस की सूखे डंडे में लगी कटिया, दांतेदार ब्लेड, एक पिलास, पेंचकस, छोटी टार्च, मोबाइल, दो बाइक बरामद किया गया।