मथुरा के फरह थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर अंडरपास के पास किसी वाहन की चपेट में आने से मृत महिला की मंगलवार को पति ने शिनाख्त कर ली। थाना रिफाइनरी के गांव बाद निवासी खेलन सिंह ने बताया कि उनकी चाची सोन देवी (54 वर्ष) सोमवार को अपने बेटे राजू की दवा देने के लिए आगरा गईं थी। सोमवार की शाम तक जब नहीं लौटी तो परिजन को चिंता हुई। मंगलवार की सुबह वह पहले रिफाइनरी थाने पहुंचे। यहां से उन्हें फरह थाने भेजा। फरह पुलिस ने अज्ञात महिला के कपड़े तथा सामान को दिखाया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां महिला के शव को देख उसकी शिनाख्त की। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजन को सौंप दिया।