तीर्थनगरी मथुरा में राधारानी की नगरी बरसाना में सोमवार को विश्व प्रसिद्ध लठामार होली खेली गई। इसमें करीब 15 लाख श्रद्धालु पहुंचे। बरसाना में दोपहर के समय सोमवार को भाव और भक्ति के अनूठे रंगों में सराबोर एक ओर नंदगांव के हुरियारे ढाल लेकर बरसाना पहुंचे तो दूसरी ओर बरसाना की हुरियारिनें लाठियां लेकर रंगीली गली में तैयार थीं। होली के गीतों की गूंज बीच शुरुआत हुई लठामार होली की। इस समय रंगीली गली में हर हुरियारा कृष्ण और उनके सखा ग्वालबालों का रूप तो हर हुरियारिन राधारानी और उनकी सखियों का रूप लिए थी। ढाल पर लठों की चोट पड़ते ही लाड़ले-लाड़ली की जय-जयकार गूंज उठती। आनंद इतना था कि देश और विदेश से करीब 15 लाख श्रद्धालु इस लीला के साक्षी बनने बरसाना पहुंचे।