मथुरा के नौहझील के उदियागढ़ी गांव में एक परिवार की मां-बेटी को पीटकर घायल करने की घटना के बाद तनाव बढ़ गया है। हमलावर भाग निकले हैं। पुलिस बल तैनात किया गया है। अनुसूचित जाति के लोगों ने अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ लिखवा दिया। इसका वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस अधिकारियों ने जांच की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि दबाव बनाने के लिए इस तरह की बातें लिखी जा रही हैं। नौहझील के गांव उदियागढ़ी में 25 दिसंबर की रात को पिछड़ी जाति के अंकुल के घर पर हमला बोलकर मां-बेटी और बेटे को लाठी और लोहे की रॉड से पीटकर घायल कर दिया था। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने 9 नामजदों व 5-6 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हमलावरों की तलाश की मगर वह घरों से भाग निकले। गांव अनुसूचित जाति बहुल है। शुक्रवार की रात को अनुसूचित जाति के लोगों के घरों के बाहर मकान बिकाऊ है लिखवा दिया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना पर नौहझील थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे। जांच पड़ताल की। तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पीड़ित पक्ष के अंकुल का कहना है कि गांव में उनकी पिछड़ी जाति के महज दो घर हैं, जबकि अनुसूचित जाति के तीन दर्जन से ज्यादा घर हैं। ऐसे में दबंगई कौन कर सकता है।