मथुरा के गोवर्धन में गुरु पूर्णिमा (मुड़िया मेला) को लेकर एसपी ग्रामीण ने सोमवार को मेला क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल भ्रमण किया। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत, सीओ अनिल कुमार सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी ने मेला क्षेत्र में पैदल मार्च कर संदेश दिया कि मेला मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। एसपी ग्रामीण ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र से अतिक्रमण तत्काल हटवाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग का खुला रहना बेहद जरूरी है। पैदल मार्च के दौरान दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वे बाहर सामान न रखें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैदी से तैनात रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में मौजूद दुकानदार और रेहड़ी वालों से अपील की कि वे मेला व्यवस्था में सहयोग बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें।