प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने जिले में प्रदेश की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोगों को सस्ता इलाज मिले, इसके लिए प्रदेश में ही दवाएं और चिकित्सकीय उपकरण बनेंगे। आगरा में मेडिकल डिवाइस और ललितपुर में फार्मा पार्क बनाने का एलान भी किया। आगरा के सिकंदरा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल के लोकार्पण के समय मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे के पास 350 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। यह शहर से एक घंटे की दूरी पर है। यहां मेडिकल डिवाइस पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए सर्वे समेत अन्य जरूरी कार्य हो चुका है। आगरा में ही उपकरण बनने से इनकी लागत कम आएगी और अस्पतालों को भी किफायती दर मशीन और उपकरण मिल सकेंगे। इससे जांच और सर्जरी सस्ती होंगी। दवाएं बाहर से न खरीदनी पड़े, इसके लिए प्रदेश में ही दवाएं बनवाई जाएंगी। इसके लिए ललितपुर में फार्मा पार्क बनाया जा रहा है। इसके लिए 1500 एकड़ जमीन भी तय कर ली है। वहां दवाओं का निर्माण होगा। इससे सस्ती दवाएं मिल सकेंगी।