मथुरा के थाना मांट क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे स्थित जाबरा टोल प्लाजा के समीप बने फैसिलिटी सेंटर पर एक यात्री का नगदी से भरा बैग छूट गया। सूचना मिलने पर टोल कर्मियों ने बैग थाना मांट पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैग के मालिक का पता लगाकर उसे सुरक्षित वापस कर दिया। मोहम्मद शादाब पुत्र अब्दुल कबीर निवासी मकान संख्या 1154, रजा चौक, अधारताल, थाना गोहलपुर, जिला जबलपुर मध्य प्रदेश अपने भाई मोहम्मद यामीन के साथ हरियाणा में एक फैक्टरी की विजिट के लिए जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन-100 स्थित फूड प्लाजा पर फ्रेश होने के लिए रुके। इस दौरान शादाब अपना काले रंग का बैग, जिसमें 50 हजार रुपये नगद तथा अन्य जरूरी सामान रखा था, बाथरूम के बाहर भूलवश छोड़कर आगे चले गए। कुछ देर बाद टोल कर्मियों की नजर बैग पर पड़ी। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को थाना मांट पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बैग में उपलब्ध जानकारी के आधार पर उसके स्वामी से संपर्क किया और उन्हें थाना बुलाकर नगदी व अन्य सामान सहित बैग सकुशल सौंप दिया। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा ऑपरेशन खुशी के तहत बैग उसके वास्तविक स्वामी को सुरक्षित वापस किया गया। बैग वापस मिलने पर मोहम्मद शादाब ने मांट पुलिस और यमुना एक्सप्रेस वे टोल कर्मियों का आभार व्यक्त किया।