मथुरा के सुप्रसिद्ध ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में होली का उल्लास चरम पर है। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि आज ठाकुर जी प्रातः 10:00 बजे कुंज में विराजमान हुए और अपने भक्तों के साथ जमकर होली खेली। मंदिर के मुखिया सुधीर कुमार ने बताया कि ठाकुर जी के सम्मुख भक्तों पर पिचकारी से रंग वर्षा की गई। यहां केवल शुद्ध टेसू के फूल, अबीर, गुलाल, चोवा, चंदन और केसर का ही प्रयोग किया गया है। मंदिर प्रशासन ने भक्तों से अनुरोध किया है कि वे बाहर से कोई भी रासायनिक रंग या अन्य वस्तु लेकर न आएं। मंदिर की मर्यादा बनाए रखते हुए केवल मंदिर के भीतर उपलब्ध प्रसादी रंगों से ही होली खेलें। होली का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। कल भी प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में होली का भव्य आयोजन होगा।