वेलेंटाइन डे के अवसर पर जहां एक ओर युवा आधुनिक तरीके से प्रेम का इजहार करते नजर आए, वहीं दूसरी ओर बांके बिहारी मंदिर में भक्तों ने अनोखे अंदाज में भक्ति प्रेम का इजहार किया। मंदिर परिसर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार हो गया। हर कोई अपने आराध्य ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन कर प्रेम और आस्था व्यक्त करता दिखा। मंदिर में बरेली से श्रद्धालु स्मृति चौहान का कहना है कि आज उसे बहुत खुशी हुई है। अपने ठाकुर जी से मिलने को उसने वेलेंटाइन डे के दिन को चुना था। शाहजहांपुर से आईं नेहा ने कहा कि आज के दिन के लिए वह ठाकुर जी से मिलने के इंतजार में रहती हैं। वह अपने ठाकुर जी की सेवा में हमेशा खड़ी रहती हैं।