मथुरा में फरह के पं. दीनदयाल धाम में महोत्सव मेला में शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। वह सुबह करीब 11 बजे फरह पहुंचेंगे। यहां विराट युवा सम्मेलन में लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद उत्सव देखेंगे। सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बृहस्पतिवार को सीएम के आने का कार्यक्रम जारी हो गया है। वहीं, सीएम के आगमन को लेकर जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से फरह स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय विद्या मन्दिर इंटर काॅलेज में कार्यक्रम में लगे अधिकारियों और कर्मियों को ब्रीफिंग दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में तैनात अधिकारी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाएं। मुख्यमंत्री के अलग-अलग जगह के कार्यक्रमों के दौरान अनाधिकृत लोगों को प्रवेश न करने दें। सभी जगह के लिए समिति द्वारा जारी अलग-अलग प्रवेश पास की गहनता से जांच कर ही संबंधित व्यक्ति को प्रवेश दें।