मैनपुरी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शनिवार को आगरा बाईपास रोड स्थित बीएनएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सीओ ट्रैफिक दीपशिखा ने छात्र-छात्राओं को पुलिस की जिम्मेदारी और कानून से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने सड़क के नियमों के साथ साइबर अपराधों से बचने की छात्र-छात्राओं को सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी में डरें नहीं पुलिस की मदद लेकर जीवन को सुरक्षित करें। कार्यक्रम का शुभारंभ सीओ ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सीओ ने कहा कि छात्र-छात्राओं को विद्यालय आते-जाते समय सड़क के नियमों का पूरी तहर से पालन करना चाहिए। रास्ते में किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की चीज या घर तक पहुंचने के लिए मदद नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने सड़क के नियमों की जानकारी दी वहीं सोशल मीडिया का प्रयोग करते समय सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल और फाइल को न खोलें। छात्राओं को उन्होंने डायल 1090, 112 आदि की जानकारी प्रदान की। सहायक यातायात प्रभारी वेदप्रकाश ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क का प्रयोग करते समय यातायात के नियमों का पालन अवश्य करें। कार्यक्रम के दौरान 300 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य डाॅ.नीनेश यादव ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचने की जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव कुमार यादव ने छात्र-छात्राओं को किसी भी अनजान व्यक्ति पर विश्वास न करने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन अनूप कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर राहुल यादव, अनुपम यादव, प्रांशु, माधुरी, दीक्षा चौहान, पूजा, शिवांगी, भुवनेश कुमार, देवेंद्र सिंह देव आदि शिक्षक- शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा।