मैनपुरी में सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें पुलिस की डायल 112 की गाड़ी में एक कुत्ता बैठा हुआ था। वीडियो जिला अस्पताल के सामने का बताया जा रहा है। इस बनाने वाला व्यक्ति गाड़ी को लाने वाले सिपाही से सवाल भी कर रहा है। सिपाही दबी जुबां में स्वीकार कर रहा है कि यह कुत्ता पालतू है, जो कि प्रभारी साहब का है। 30 सेकंड का यह वीडियो है। वीडियो में दिख रहा है कि सिपाही सवालों का जवाब देते हुए सहम रहा है। इधर, एक युवती कुत्ते को लेकर गाड़ी में बैठी है। सिपाही से सवाल किया जा रहा है कि सरकारी गाड़ी में पालतू कुत्ते को कैसे घुमाया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी, जो भी तथ्य प्रकाश में आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।