मैनपुरी के करहल कस्बा स्थित ऐतिहासिक मोटामल महाराज मंदिर पर भादों (भाद्र पद) के अंतिम मंगलवार को हनुमान की विशेष पूजा की जाती है। इस कार्यक्रम के लिए मंदिर को लोग आकर्षक रूप से सजाते हैं। परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर नितिन चतुर्वेदी बताते है कि मंदिर का निर्माण वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान ने अपने सेनापति मोटामल महाराज की यादगार में कराया था। बताया जाता है कि पृथ्वीराज चौहान अपनी प्रेमिका संयोगिता को कन्नौज से लेकर आए थे। करहल में राजा जयचंद की सेना ने उन्हें घेर लिया। तब उनके वीर सेनापति मोटामल ने जयचंद को व्यस्त रखा और पृथ्वीराज को वहां से सुरक्षित निकाल दिया। जयचंद से युद्ध करते हुए सेनापति मोटामल वीरगति को प्राप्त हो गए थे। सेनापति की समाधि के पास इस मंदिर का निर्माण कराया गया।