मैनपुरी के करहल तहसील क्षेत्र के गांव मढ़ापुर में बुधवार को तालाब के किनारे मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दोपहर करीब 12 बजे गांव निवासी शशांक दीक्षित ने तालाब के पास मगरमच्छ देखा, जो कुछ देर बाद पानी में चला गया। शशांक दीक्षित का कहना है कि मगरमच्छ पिछले एक साल से इसी तालाब में रह रहा है। इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक उसे सुरक्षित रूप से पकड़ा नहीं गया है। गांव के बबलू दीक्षित, अवनीश दिवाकर, राजू, आनंद चौबे, नीरज पांडेय, सौरभ और अनुज पांडेय ने प्रशासन से मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।