मैनपुरी के बेवर में विकासखंड क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन में बच्चे पढ़ने को मजबूर हैं। तीन साल बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में विद्यालय में कक्षा संचालन में समस्या आती है। विद्यालय में एक अतिरिक्त समेत कुल चार कक्ष हैं। तीन कक्षों की स्थिति बेहद जर्जर है। पानी टपकने के साथ ही कभी भी लिंटर के गिरने की आशंका बनी रहती है। अतिरिक्त कक्ष भी सामान्य दिन में तो ठीक काम करता है लेकिन बरसात के दिनों में पानी टपकता है। 25 वर्ष पूर्व बना भवन अब जर्जर हालत में है। विद्यालय में कुल 54 बच्चे पंजीकृत हैं। खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश यादव का कहना है कि विकासखंड का कुछ दिन पहले ही चार्ज मिला है। अध्यापकों से रिपोर्ट लेकर मरम्मत योग्य भवन की स्थिति होने पर मरम्मत होगी। अन्यथा ध्वस्तीकरण के लिए उच्च अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी।