झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की रात कार और बाइक की भिड़ंत में चाचा-भतीजी की मौत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर होने पर सीएचसी पनवाड़ी से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हादसा तेइया गांव के पास एकाएक आए नीलगाय को बचाने में हुआ। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। थाना महोबकंठ के दुलारा गांव निवासी देवप्रकाश अनुरागी (24) रात करीब आठ बजे बाइक से चचेरे भाई विनोद (26), भाभी सीता (22) व भतीजी शिवांशी (01) को छोड़ने रेलवे स्टेशन हरपालपुर जा रहा था। तीनों को ट्रेन से दिल्ली जाना था। रास्ते में तेइया गांव के पास एकाएक आए नीलगाय को बचाने में बाइक की सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि कार सवार अफजाल (50) और उसका बड़ा भाई इकबाल (55) निवासी शिवाजी नगर जनपद झांसी को भी चोटें आईं। कार सवार महोबा में एक रिश्तेदारी में शामिल होने आ रहे थे। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने देवप्रकाश व भतीजी शिवांशी को मृत घोषित कर दिया जबकि घायलों की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। उधर, थानाध्यक्ष महोबकंठ विनोद कुमार सरोज का कहना है कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।