ब्लॉक पनवाड़ी की सहकारी समिति देवगनपुरा में कर्मचारियों की मनमानी किसानों पर भारी पड़ रही है। समय से पहले ही कर्मचारी समिति बंद कर चले गए। इससे नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। घंटों इंतजार के बाद भी खाद न मिलने पर किसानों में मायूसी दिखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अगले दिन खाद का वितरण कराने का भरोसा देकर किसानों को शांत कराया। रबी फसल की बोआई कर चुके किसान यूरिया के लिए परेशान हैं। भीषण सर्दी के बीच खाद लेने के लिए किसान मंगलवार की सुबह छह बजे से सहकारी समिति देवगनपुरा पहुंचे। देखते ही देखते किसानों की लंबी कतारें लग गई। किसानों ने खतौनी, आधारकार्ड व पर्ची आदि समिति में जमा की लेकिन इस दौरान कुछ किसानों को ही खाद मिल सकी। दोपहर तीन बजे समिति के कर्मचारी समिति बंद कर चले गए। इससे अधिकांश किसानों को खाद नहीं मिली। आक्रोशित किसानों ने समिति कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। खाद लेने के आए प्रेम कुमार, विवेक, शोभारानी आदि किसानों ने बताया कि वह खाद के लिए परेशान हैं। उन्हें खाद नहीं मिल रही है। इससे उनकी रबी फसल प्रभावित हो सकती है। समिति में भरपूर यूरिया उपलब्ध है लेकिन किसानों को वितरित नहीं की जा रही है। उधर, एसडीएम कुलपहाड़ प्रदीप कुमार का कहना है कि किसानों को बुधवार को खाद का वितरण कराया जाएगा। किसान शांति बनाए रखे, सभी को नियमानुसार खाद दिलाई जाएगी।