महोबा/कुलपहाड़। मंगलवार को ठंड और बुखार से युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जिला अस्पताल व निजी क्लीनिकों में मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की भीड़ है। उल्टी, दस्त, बुखार और गले में दर्द के सर्वाधिक मरीज अस्पताल पहुंचे।
जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भीड़ जुटी। अस्पताल पहुंचे 588 मरीजों में से अधिकांश मौसमी बीमारी से पीड़ित रहे। उल्टी-दस्त, पेटदर्द, आदि से पीड़ित गोमती, दिव्यांश, रियांशिका, प्रबल, अथर्व, उर्मिला व जयंती को वार्ड में भर्ती कराया गया।
कोतवाली चरखारी के कुसरमा निवासी राजाबाई (62) को बुखार होने पर परिजन जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। इसी तरह कोतवाली कुलपहाड़ के मोहारी निवासी कमलापत कुशवाहा (40) सोमवार की शाम खेत पर सिंचाई कर रहा था। तभी उसे ठंड लग गई।
वह अचेत होकर गिरने पर आसपास मौजूद किसान उसे सीएचसी कुलपहाड़ ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कुलपहाड़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डाॅ. गुलशेर ने बताया कि ऐसे मौसम में सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों व बुजुर्गों को होती है। ठंड में लापरवाही न बरतें और बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं और धूप में जरूर ले जाएं।