अमर उजाला फाउंडेशन के दोस्त पुलिस कार्यक्रम के तहत शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कई छात्राओं ने शनिवार को महिला थाने का भ्रमण किया। महिला थानाध्यक्ष अनीता कुमारी ने छात्राओं से संवाद किया और उनको निडर रहने की सीख देते हुए आत्मरक्षा के टिप्स दिए। कहा कि पुलिस को अपना दोस्त समझें, परिवार वालों, अभिभावकों व शिक्षकों के साथ अपनी सभी समस्याओं को साझा करें। आधुनिकतावाद और लुभावने प्रलोभनों से बचें। उन्होंने छात्राओं से एकाग्र मन से शिक्षा ग्रहण कर शैक्षिक भविष्य को संवारने की सलाह दी। इसके साथ ही, छात्राओं से अनुशासित रहने और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने की बात कही। साथ में किसी भी आपातस्थिति में होने पर शासन के हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करने की बात कही।