भाजपा नेता के कार चालक के साथ गाली गलौज कर कट्टे से फायर करने और कार के कांच तोड़कर धमकी देने का आरोप श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री के पुत्र पर लगा है। भाजपा नेता ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कस्बा जाखलौन हाल निवासी तालाबपुरा निवासी प्रमेंद्र सिंह बुंदेला ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि उसका पुत्र युवराज सिंह बुंदेला व कार चालक रेशु निवासी जाखलौन बुधवार की रात को चांदमारी के सामने वाली गली में स्थित एक होटल से खाना पैक करवाकर अपनी कार से लौट रहे थे। चांदमारी निवासी एक युवक ने उसके पुत्र की कार के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। आरोपी अपनी कार से निकला और कॉलर पकड़कर चालक को खींचा। चालक पर कट्टे से जानलेवा हमला कर दिया। चालक रेशु ने कार पीछे हटाई तो कट्टे की बट से प्रहार कर कार के कांच तोड़ दिए। इतना ही नही आरोपी ने जानलेवा हमला करते हुए उसके पुत्र अनुरल व चालक रेशु पर फायर कर दिया। हमले से डरे चालक ने उसे सूचना दी तो वह तत्काल मौके पर पहुंचा। तब आरोपी मौके से भाग गया। पत्र में पीडि़त ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके परिजनों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।