नेपाल में हुई हिंसा के बाद धनगढ़ी में हालात धीरे धीरे सामान्य होते जा रहे हैं, लेकिन गौरीफंटा बॉर्डर सील होने से परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। बॉर्डर सील होने से मंडियों की दुकानें भी बंद है। लखीमपुर खीरी से नेपाल में आवाजाही भी बंद है। केवल नेपाल से आने वाले भारतीय व नेपाल जाने वाले नेपालियों को ही आने जाने दिया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क होकर बॉर्डर की निगहबानी में लगी हुईं हैं। धनगढ़ी में नेपाल पुलिस ने आम लोगों से आंदोलन की फोटो व वीडियो मांगी है। जबकि लूट का सामान किसी से न खरीदने की अपील भी की है। नेपाल में हुई हिंसा के बाद कैलाली के 600 वाहन और 108 कार्यालय जलकर राख हो गए हैं।